रक्षाबंधन स्पेशल 2022:
राखी का पर्व नजदीक आता जा रहा है। भाई-बहन के इस पवित्र पर्व रक्षाबंधन की तैयारियां जोरों से चल रही है, ऐसे में बहनों ने अपने भाईयों के लिए राखियां खरीदना शुरू कर दिया है और इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की बहनों को बड़ा उपहार दिया है।
रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को अपने भाइयों के पास जाने में किराए की चिंता नहीं करनी होगी। प्रदेश सरकार के द्वारा परिवहन निगम की बसों में दो दिनों के लिए बहनों को मुफ्त यात्रा की सौगात दी गई हैं। यूपी की महिलाओं को यह सुविधा 10 अगस्त रात्रि 12 बजे से 12 अगस्त रात्रि 12 बजे तक यूपी रोडवेज की सभी बसों में मिलेगी।
पहली बार बहनों को दो दिनों तक नि:शुल्क यात्रा का मिलेगा लाभ:
परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क सेवा वर्ष 2018 में लागू होने के बाद अब तक हर वर्ष 1 दिन के लिए रक्षाबंधन पर्व बहनों को निगम की बसों में निशुल्क यात्रा करने की सौगात मिल रही थी।
लेकिन इस बार पर्व 11 और 12 अगस्त को मनाया जाएगा। इसको ध्यान में रखते हुए पहली बार दो दिनों तक नि:शुल्क यात्रा का उपहार बहनों को मिला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले साल रक्षा बंधन के दिन साढ़ें तीन लाख महिलाओं ने मुफ्त बस का लाभ उठाया था
यह भी पढ़ें: भारत के ये 5 खूबसूरत पर्यटन स्थल, जहाँ आप घूमना करंगे पसंद!
महिलाओं ने बताया दूर रहने वाली बहनों के लिए इस बार है अच्छा मौका:
ओमवती ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर बसों में निशुल्क यात्रा कराने का निर्णय अच्छा है। इस बार दो दिन का पर्व मनाया जा रहा है। दो दिनों तक मुफ्त यात्रा से महिलाओं को लाभ मिलेगा।
रंजना ने कहा कि निशुल्क यात्रा का लाभ अपने मायके से अधिक दूर रहने वाली उन बहनों को मिलेगा जो भाइयों के पास अधिक किराए के चलते नहीं पहुंच पाती थी। अब उन्हें किराए की चिंता नहीं रहेगी।
यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी:
कासगंज एआरएम संजीव कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर तैयारियां पूरी की गई हैं। अधिकारियों को भी रक्षा बंधन के मौके पर अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि बसों में किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: अपनी मनमानी नहीं कर सकेंगे टीटीई, अब इस मशीन से मिलेगी खाली सीट की टिकट !
सभी बसों को स्वच्छ किया जाए। साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी महिला को बस में सफर करते हुए परेशानी का सामना न करना पड़े। महिलाओं की टिकट जीरो बैलेंस पर रहेगी। कार्यशाला में भी बसों की मरम्मत पर जोर दिया गया है। भीड़ अधिक होने पर अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
Pingback: 11 या फिर 12 कब है रक्षाबंधन का त्यौहार, दूर करें अपना कन्फ्यूजन-इस शुभ मुहूर्त में बांधें राखी! - Zindagi Plus